सुगौली में उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन ट्रैक्टर-ट्रॉली से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी

पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले में अवैध शराब कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोतिहारी उत्पाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने सुगौली थाना क्षेत्र के छपरा बहास गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद इंस्पेक्टर इमरान अंसारी को सुगौली क्षेत्र में शराब की एक बड़ी खेप ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए खपाने की गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही उनके निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर छपरा बहास में नाकेबंदी और छापेमारी की गई।कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया, जिसमें छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने शराब कारोबारी को भी धर दबोचा।उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे सिंडिकेट और मुख्य आपूर्तिकर्ता का पता लगाया जा सके। फिलहाल जब्त शराब की कुल मात्रा और बोतल संख्या का मिलान किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के खिलाफ उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *