दिलीप सिंह अलीगंज एटा
सुबह मंडी पहुंचे मुनीम को मिला टूटा गेट, सूचना पर पहुंचे आढ़त स्वामीअलीगंज क्षेत्र के अमरोली रतनपुर रोड स्थित गल्ला मंडी में रविवार रात चोरों ने बीआर इंटरप्राइजेज के गोदाम को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख 70 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर गोदाम के पिछले हिस्से से चादर फाड़कर अंदर दाखिल हुए और गुल्लक में रखी नकदी चोरी कर ली।

वारदात के बाद चोर सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। इससे पुलिस को घटना से जुड़े फुटेज और आरोपियों की पहचान करने में मुश्किल आ सकती है।सोमवार सुबह करीब नौ बजे बीआर इंटरप्राइजेज के मुनीम आलोक शाक्य रोजाना की तरह मंडी पहुंचे।

गोदाम के पास पहुंचते ही उनकी नजर पिछले गेट पर पड़ी, जहां चादर फटी हुई थी और गेट खुला मिला। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने गोदाम के अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और गुल्लक में रखी नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल गल्ला आढ़त स्वामी गोविंद गुप्ता को फोन कर चोरी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गोविंद गुप्ता मंडी पहुंचे और गोदाम का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि रविवार शाम गोदाम बंद करने के बाद वह अपने घर चले गए थे। सुबह मुनीम से सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो चोरी की वारदात की जानकारी हुई। जांच में सामने आया कि चोरों ने पिछले गेट की चादर को बेलचे या किसी अन्य औजार से फाड़कर अंदर प्रवेश किया था। गोदाम के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने सीधे गुल्लक को निशाना बनाया और उसमें रखे करीब एक लाख 70 हजार रुपये चोरी कर लिए। इसके साथ ही गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकालकर ले गए।
आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने अपनी पहचान छिपाने और पुलिस की जांच को प्रभावित करने के उद्देश्य से डीवीआर चोरी की है। चोरी की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।

प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पुलिस टीम पहुंची और घटनास्थल का जांच मुआयना किया। बारहल मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास करेगी।

