पहाड़पुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में 24 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

नवनीत कुमार सिंह ,मोतिहारी

पहाड़पुर स्थानीय थाना पुलिस को शराब तस्करों और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़िया डिह गांव में एक चिन्हित शराब तस्कर के ठिकाने पर छापेमारी की।जानकारी के अनुसार, पुलिस को सटीक इनपुट मिला था कि गांव में विदेशी शराब की एक खेप लाई गई है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष अजय कुमार के निर्देश पर तेज-तर्रार पीएसआई विवेक कुमार और सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने तस्कर देवेंद्र कुमार के घर की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली। इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के धंधेबाजों में हड़कंप मच गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने तस्कर के घर से लगभग 24 लीटर विदेशी शराब बरामद की। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने की भनक पाकर आरोपी तस्कर देवेंद्र कुमार भागने में सफल रहा।मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि बरामद शराब को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया है।

फरार मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और फरार तस्कर को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *